धमतरी में सड़कों का होगा कायाकल्प, 117 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी में सड़कों का होगा कायाकल्प, 117 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी


धमतरी, 05 सितंबर (हि.स.)। जिले में सड़क अधोसंरचना को नई रफ्तार देने के लिए 117 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये से अधिक की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ कृषि, व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

कुरूद-चर्रा-छाती-उड़ेना-झिरिया-कंडेल-भोथली-संबलपुर मार्ग के 16 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा पुल-पुलियों सहित निर्माण के लिए 35 करोड़ 87 लाख 22 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सड़क के उन्नयन से कुरूद क्षेत्र के अनेक गांवों को बेहतर संपर्क मिलेगा और किसानों को कृषि उपज के परिवहन में सुविधा होगी। वहीं धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग मुख्य जिला मार्ग क्रमांक-243 के कुल 18.50 किलोमीटर में से 11.40 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा पुल-पुलियों सहित निर्माण के लिए 81 करोड़ 43 लाख 56 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके तहत पांच किलोमीटर हिस्से में फोरलेन और 6.40 किलोमीटर हिस्से में टू लेन सड़क प्रस्तावित है। इससे धमतरी शहर का गंगरेल और कुकरेल क्षेत्र से संपर्क बेहतर होगा तथा बढ़ते यातायात दबाव से निपटने में मदद मिलेगी। कंडेल-देवपुर-छाती मार्ग का टू-लेन विकास भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कंडेल का ऐतिहासिक-सांस्कृतिक महत्व और देवपुर की पर्यटन संभावनाएं इस मार्ग को विकास की दृष्टि से खास बनाती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से कृषि उपज का परिवहन, बाजारों तक पहुंच, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आसान होगा तथा पर्यटन एवं स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। जिले में आगामी दो वर्षों में करीब 12 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। शहर में तीन फोरलेन सड़कें विकसित हो चुकी हैं और गौरव पथ को भी प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। नई परियोजनाओं के पूरा होने से धमतरी के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का सड़क नेटवर्क मजबूत होगा तथा जिले के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story