महाराजा अग्रसेन कॉलेज में 500 विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और साइबर जागरूकता का पाठ
रायपुर, 9 सितंबर (हि. स.)। शहर में सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायपुर यातायात पुलिस द्वारा महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज, समता कॉलोनी में सड़क सुरक्षा, यातायात जागरूकता, ट्रैफिक हैकाथन और साइबर जागृति अभियान को लेकर आज बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ट्रैफिक एसीपी श्रीमती स्नेहिल साहू ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी गई। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, रेड सिग्नल व यातायात संकेतों का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि, सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
ट्रैफिक हैकाथन में युवाओं की भागीदारी पर जोर
कार्यक्रम में ट्रैफिक हैकाथन के उद्देश्य और उपयोगिता की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को यातायात से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर तकनीक, नवाचार और रचनात्मक सोच के जरिए उनके समाधान तलाशने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं की तकनीकी समझ और नई सोच से शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और सुगम बनाने में मदद मिल सकती है।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
साइबर जागृति अभियान के तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचने के उपाय भी बताए गए। उन्हें OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचने और सोशल मीडिया पर अपरिचित लोगों के साथ संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
500 विद्यार्थियों ने लिया भाग
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य, उप प्राचार्य, शिक्षकगण सहित करीब 500 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने यातायात एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारियों को गंभीरता से समझते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
रायपुर यातायात पुलिस द्वारा युवाओं को यातायात नियमों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थी स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार व समाज को भी सुरक्षित रखने में योगदान दे सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

