सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक, हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं की व्यवस्था होगी लागू

WhatsApp Channel Join Now
सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक, हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं की व्यवस्था होगी लागू


सूरजपुर, 24 अगस्त (हि.स.)।सूरजपुर जिले में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कलेक्टर रेना जमील एवं पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने आज सोमवार को बैठक लेकर विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। आगामी मिलाद-उन-नबी एवं रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने नेशनल हाईवे सहित एक्सीडेंट प्रोन क्षेत्रों में रंबल स्ट्रिप, सड़क संकेतक, साइन बोर्ड और पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सड़कों में मौजूद कमियों को दूर करने तथा दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर आवश्यक यातायात संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए गए।

आरटीओ विभाग को ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। स्कूल बसों एवं स्कूल वैन की नियमित जांच कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के साथ बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं दिए जाने की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू करने को कहा गया।

कलेक्टर ने सड़क पर मवेशियों के बैठने के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ऐसे स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां अक्सर मवेशी सड़क पर रहते हैं। उन्होंने सुरक्षा उपायों के साथ मवेशियों को सड़क से हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्कूल प्रशासन को निर्देश दिए कि नाबालिगों के वाहन चलाने पर होने वाली कार्रवाई के संबंध में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को स्पष्ट जानकारी दी जाए।अभिभावकों को भी नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

आगामी मिलाद-उन-नबी एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जुलूस और धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।

आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती करने के साथ धरना-प्रदर्शन, रैली एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व तैयारी करने को कहा गया।

अधिकारियों को सार्वजनिक आयोजनों की पूर्व सूचना एवं अनुमति की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक अथवा अफवाहजनक सूचनाओं पर भी निगरानी रखने को कहा गया।

बैठक में अपर कलेक्टर नयन तारा सिंह तोमर, जगन्नाथ वर्मा, एसडीओपी अभिषेक पैकरा, सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story