दो साल बाद भी नहीं बनी सड़क, बोर्ड लगा लेकिन काम शुरू नहीं
धमतरी, 14 जुलाई (हि.स.)। ग्राम मोखा (मड़ाईभाठा) में वर्षों से सड़क निर्माण का इंतजार कर रहे ग्रामीणों का सब्र अब जवाब देने लगा है। सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी से नाराज ग्रामीण मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे और कलेक्टर को स्मरण पत्र सौंपकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में 24 दिसंबर 2025 को जनदर्शन में आवेदन दिया गया था, लेकिन सात माह बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि इस सड़क की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि वर्ष 2023 में सड़क निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी थी और कार्य प्रारंभ होने का बोर्ड भी लगा दिया गया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। वर्तमान में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और बरसात के दौरान बड़े-बड़े गड्ढों के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों तथा राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस सहित अन्य आवश्यक सेवाओं का समय पर गांव तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे कभी भी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य को तत्काल स्वीकृति देकर शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
इस दौरान जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रवीण साहू, विकास साहू, आयुष हिरवानी, इन्द्रेश साहू, नागेश नाग, सोनू साहू, ग्रामीण विकास समिति के अध्यक्ष, ग्राम के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

