धमतरी : रास्ता बंद होने से त्रस्त युवक ने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का किया प्रयास, मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : रास्ता बंद होने से त्रस्त युवक ने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का किया प्रयास, मचा हड़कंप


धमतरी, 02 जून (हि.स.)। शहर के पोस्ट ऑफिस वार्ड निवासी एक युवक ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में रास्ता बंद किए जाने और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर आत्मदाह का प्रयास किया, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों की सतर्कता से स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया गया और बड़ी अनहोनी टल गई।

पीड़ित परिवार के सदस्य रोहित सोनी ने बताया कि इतवारी बाजार स्थित बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर के पास उनके लगभग 60 वर्ष पुराने मकान तक पहुंचने वाले रास्ते को कुछ लोगों द्वारा खोदकर बंद कर दिया गया है। उनका आरोप है कि इस मामले में विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से परिवार मानसिक रूप से परेशान है। रोहित सोनी के अनुसार लंबे समय से न्याय नहीं मिलने और लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने कलेक्ट्रेट परिसर में अपने ऊपर मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे और उन्होंने प्रशासन से इच्छामृत्यु की मांग करते हुए अपनी पीड़ा जाहिर की। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला तथा परिवार को समझाइश दी।

जिले में यह पहला मामला नहीं है। पिछले वर्ष भी एक युवक ने अपनी समस्या के समाधान में देरी और प्रशासनिक उदासीनता से परेशान होकर कलेक्ट्रेट परिसर में खुद को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं शिकायतों के समयबद्ध निराकरण और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो और शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए तो लोगों को इस तरह के कदम उठाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। फिलहाल घटना के बाद प्रशासन मामले की जांच और रास्ते से जुड़े विवाद के समाधान की दिशा में कार्रवाई की बात कह रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story