एक करोड़ से अधिक की लागत से बनी सड़क तीन साल में उखड़ी

WhatsApp Channel Join Now
एक करोड़ से अधिक की लागत से बनी सड़क तीन साल में उखड़ी


एक करोड़ से अधिक की लागत से बनी सड़क तीन साल में उखड़ी


सुशासन शिविर में उठी आवाज, घटुला-भीषमपुरी-लखनपुरी मार्ग की तत्काल मरम्मत की मांग

धमतरी, 31 मई (हि.स.)। नगरी विकासखंड के घटुला मेन रोड से ग्राम भीषमपुरी होते हुए लखनपुरी तक बनी लगभग 9.5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के तीन वर्ष पूरे होने से पहले ही जर्जर हो गई है। एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित इस सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने सिहावा में आज रविवार काे आयोजित सुशासन शिविर में जोरदार विरोध दर्ज कराया और शीघ्र मरम्मत की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2023 में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित यह सड़क अब जगह-जगह से उखड़ चुकी है। सड़क के बीचों-बीच गहरी दरारें पड़ गई हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में हालात और अधिक गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।

सुशासन शिविर में पहुंचे ग्रामीण मुकेश, तरुण, निकेश, हिमांशु, अशोक और कुलदीप ने शिकायत करते हुए कहा कि सड़क की गुणवत्ता पर शुरू से ही सवाल उठते रहे हैं। अब स्थिति यह है कि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सफर जोखिमभरा बन गया है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में कथित लापरवाही और गुणवत्ताहीन कार्य के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की ऐसी स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

ग्रामीण बिसाहू राम ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चलाते समय संतुलन बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने बारिश शुरू होने से पहले सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीण राजन सोनबेर ने कहा कि सामने से भारी वाहन आने पर जर्जर सड़क के कारण हादसे का खतरा बढ़ जाता है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जानी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता एसके नेताम ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story