कौहाबाहरा में बीट बंटवारे को लेकर सड़क जाम, 28 तक समाधान की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कौहाबाहरा में बीट बंटवारे को लेकर सड़क जाम, 28 तक समाधान की मांग


कौहाबाहरा में बीट बंटवारे को लेकर सड़क जाम, 28 तक समाधान की मांग


धमतरी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। बीट बंटवारे की दशकों पुरानी समस्या को लेकर कौहाबाहरा के ग्रामीण गुरुवार को सड़क पर उतर आए। गट्टासिल्ली के बलिदानी वीर नारायण सिंह चौक पर सुबह 10 बजे सड़क जाम कर गट्टासिल्ली-नगरी मार्ग की आवाजाही रोक दी। प्रशासन को 28 अक्टूबर तक समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग पूरी नहीं होने पर सपरिवार अनिश्चितकालीन जेल भरो आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान वन, राजस्व और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही।

ग्रामीणों का कहना है कि कौहाबाहरा में वन विभाग के कक्ष क्रमांक के अनुसार बीट बंटवारा स्पष्ट नहीं होने से वर्षों से समस्या बनी हुई है। गांव की दो हजार से अधिक आदिवासी आबादी इससे प्रभावित होने का दावा कर रही है। ग्रामीणों की मांग है कि वन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर सीमांकन कर कक्ष क्रमांक के अनुसार बीट बंटवारा स्पष्ट करे। कौहाबाहरा सरपंच राधिका नेताम, पूर्व सरपंच शिव प्रसाद नेताम, पूर्व जनपद सदस्य बंशीलाल सोरी और दशरू नेताम ने बताया कि बीट बंटवारे की समस्या लंबे समय से लंबित है। कई बार अधिकारियों के समक्ष समस्या रखे जाने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि संयुक्त सीमांकन कर अभिलेखों के आधार पर बीट की स्थिति स्पष्ट होने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी परेशानी दूर हो सकती है।

ग्रामीणों ने वर्ष 1987 के सिहावा-नगरी समझौते, पुराने न्यायालयीन प्रकरण और वन विभाग की एमपीटीसी रसीदों का हवाला देते हुए कहा कि मामला उनके वर्षों पुराने वन, निस्तार और कास्त से जुड़े अधिकारों से जुड़ा है। उन्होंने संबंधित अभिलेखों और जांच प्रतिवेदनों को सार्वजनिक कर ग्रामसभा के समक्ष स्थिति स्पष्ट करने तथा कक्ष क्रमांक के आधार पर बीट बंटवारे का स्थायी समाधान करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि 28 अक्टूबर तक समाधान नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक किया जाएगा। प्रभावित वन ग्रामों के लोगों को साथ लेकर सपरिवार जेल भरो आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान संतोष मरकाम, मोहित मरकाम, राम भरोस सिन्हा, सुखचंद मरकाम, कविलास नेताम, चंद्रहास नेताम, शिव मंडावी, छन्नू मरकाम, अजय मरकाम, जयसिंह कुंजाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story