मनेंद्रगढ़ में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक सवारों को 200 मीटर तक घसीटा, दो युवतियों समेत 3 की मौत

WhatsApp Channel Join Now

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (एनएच-43) पर इमली गोलाई के पास मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसा में दो युवती सहित तीन लोगों की दुखद मौत हो गई ।

जानकारी के अनुसार, दो युवतियाँ और एक युवक बाइक से अस्पताल में इलाज कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत इमली गोलाई के पास उनकी बाइक और ट्रक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाईक को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें करीब 200 मीटर दूर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। हादसे में बाइक सवार युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर रेफर किया गया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मृतकों की पहचान भवन सिंह (27 वर्ष) निवासी ग्राम नगोई, प्रमिला (20 वर्ष) निवासी ग्राम नगोई (भवन सिंह की बहन) , भूमिका (18 वर्ष) निवासी ग्राम बरबसपुर (दोनों की सहेली) के रूप में की है।

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कामरो भी अस्पताल पहुँचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story