जांजगीर-चांपा में सड़क हादसों पर रोक की तैयारी , बलौदा के ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण
जांजगीर-चांपा, 13 जुलाई (हि. स.)। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोक निर्माण विभाग और परिवहन विभाग के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में सोमवार को बलौदा क्षेत्र के दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, संकेतकों की उपलब्धता, खतरनाक मोड़, रोड मार्किंग और दुर्घटना के कारणों का बारीकी से अध्ययन किया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में यह संयुक्त निरीक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिंह तथा सब इंजीनियर अमित पटेल भी मौजूद रहे।
संयुक्त टीम ने थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम बुडगहन, सराईसिंगार, डोंगरी और बलौदा पहारिया सहित उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां पूर्व में सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन क्षेत्रों को ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट के रूप में चिन्हित कर दुर्घटनाओं के कारणों का विस्तृत आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर तेज रफ्तार, यातायात नियमों का उल्लंघन, चेतावनी संकेतकों की कमी, रोड मार्किंग का अभाव, सड़क किनारे अतिक्रमण, दृश्यता बाधित करने वाले मोड़ तथा खराब सड़क संरचना सड़क हादसों के प्रमुख कारण हैं। इन कमियों को दूर करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर बनाने, सड़क की मरम्मत कराने, अतिक्रमण हटाने और यातायात नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा जाएगा, ताकि जल्द से जल्द सुधार कार्य शुरू किए जा सकें।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस, परिवहन विभाग और लोक निर्माण विभाग के बीच समन्वय बनाकर लगातार अभियान चलाया जाएगा। दुर्घटना संभावित स्थानों की नियमित निगरानी के साथ आवश्यक सुरक्षा उपाय भी सुनिश्चित किए जाएंगे।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि वाहन निर्धारित गति सीमा में चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ओवरटेकिंग और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें तथा सड़क संकेतों का पालन करें। प्रशासन का मानना है कि विभागीय सुधारों के साथ नागरिकों की जिम्मेदारी भी सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

