अंबिकापुर : दो माेटरसाइकिल की भीषण भिड़ंत, जनगणना ड्यूटी से लौट रहे शिक्षक समेत तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर : दो माेटरसाइकिल की भीषण भिड़ंत, जनगणना ड्यूटी से लौट रहे शिक्षक समेत तीन घायल


अंबिकापुर, 08 मई (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ तेज रफ्तार का कहर तीन लोगों पर भारी पड़ा। बिजली ऑफिस चौक के पास दो मोटर साइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत में एक शिक्षक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्राम सोनतराई की ओर जा रहे माेटरसाइकिल सवार युवक अत्यधिक गति में थे, जिसके कारण वाहन पर से उनका नियंत्रण खो गया और वे सामने से आ रहे माेटरसाइकिल सवार शिक्षक से जा टकराए।

इस सड़क दुर्घटना में घायल शिक्षक की पहचान संतुलाल जांगड़े के रूप में हुई है, जो जनगणना की ड्यूटी पूरी कर अपने घर वापस लौट रहे थे। वहीं, दूसरी माेटरसाइकिल पर सवार सुधीर कुमार शाह और शंकर शाह को भी गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से तीनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया।

प्राथमिक उपचार के दौरान सुधीर कुमार शाह की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च संस्थान रेफर कर दिया है, जबकि शिक्षक संतुलाल और शंकर शाह का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर थाने ले आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story