गौरेला पेंड्रा मरवाही में हार्वेस्टर और बाइक की टक्कर में युवक और नाबालिग की मौत

WhatsApp Channel Join Now

-युवक का सिर धड़ से अलग हो गया

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 06 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर गांव के पास हार्वेस्टर और बाइक के बीच आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार युवक और युवती की दर्दनाक मौत हो गई । हादसा इतना भयावह था कि हार्वेस्टर की टक्कर से युवक का सिर धड़ से अलग हो गया जबकि गंभीर रूप से घायल युवती ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया । घटना के बाद हार्वेस्टर चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश और दुलरिया गुरुवार देर शाम जब बाइक से पेंड्रा-बिलासपुर मार्ग पर ग्राम अमरपुर के पास पहुंचे, तब यह भीषण टक्कर हुई। इस हादसे के बाद 6 नवंबर 2026 (आज) सुबह तक पेंड्रा पुलिस ने हार्वेस्टर को जब्त कर लिया है और शवों का पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान मुकेश पोर्ते (22 वर्ष ) निवासी घाटबहरा खुसरोपारा और दुलरिया बाई ( 17 वर्ष ) निवासी बस्ती बगरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से पेंड्रा से घर जा रहे थे। इसी दौरान अमरपुर गांव के पास सामने से आ रहे हार्वेस्टर से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार युवक हार्वेस्टर मशीन में ही फंस गया, जिससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में नाबालिग लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और 112 आपातकालीन सेवा की मदद से उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद आरोपित हार्वेस्टर चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला था। हालांकि, पुलिस और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से हार्वेस्टर मशीन को पतगवां के पास से जब्त कर लिया गया है, लेकिन उसका चालक अब भी फरार है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773206 Articles

Share this story