रायपुर में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, सुशील आनंद शुक्ला बोले- ‘कोई सुरक्षित नहीं’
रायपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर में लगातार हो रही हत्या और गैंगवार की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि, रायपुर कमिश्नरेट समेत पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
शुक्ला ने कहा कि, राजधानी में अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 25 दिनों में रायपुर में 16 हत्याएं हुई हैं, जबकि पिछले छह दिनों में गैंगवार से जुड़ी दो हत्याओं ने राजधानी में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि, तीन साल पहले तक शांत और सुरक्षित माने जाने वाले रायपुर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं।
सुशील आनंद शुक्ला ने रायपुर में लागू कमिश्नरेट व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने कहा कि राजधानी में महिला की हत्या, उसके शव के साथ दुष्कर्म और गैंगरेप जैसी घटनाएं कानून व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, सरकार और पुलिस अपराध रोकने के बजाय आंकड़ों को लेकर सफाई देने में लगी हुई है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि, प्रदेश में प्रतिदिन औसतन छह हत्याएं और आठ बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सक्ती में युवती की गोली मारकर हत्या, कोरिया के सोनहत में चार लोगों को जिंदा जलाने, जैजेपुर में दो भाइयों की गोली मारकर हत्या और पेण्ड्रा-गौरेला क्षेत्र में सराफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या जैसी घटनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई भी जिला ऐसा नहीं है, जहां हत्या, लूट, बलात्कार और चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने न आ रही हों। कांग्रेस ने सरकार से कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को स्वीकार कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि, भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में एक दर्जन से अधिक लोगों की गोली मारकर हत्या हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अकेले रायपुर में कई गोलीकांड सामने आए हैं, जबकि बिलासपुर, पेंड्रा-गौरेला, दुर्ग, मस्तुरी, जांजगीर-चांपा, जशपुर और कवर्धा में भी गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं।
उन्होंने राजधानी के हीरापुर में बम हमले और बिरगांव में कथित तौर पर बम बनाए जाने की घटना का भी उल्लेख किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं बताती हैं कि पुलिस और सरकार अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

