धमतरी में 15 जुलाई से दौड़ेगी 'रिडजी', एक ही ऐप पर मिलेगी आटो, बाइक, कैब और पार्सल सेवा
धमतरी, 13 जुलाई (हि.स.)। शहरवासियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के स्थानीय राइड-हेलिंग प्लेटफार्म रिडजी का शुभारंभ 15 जुलाई को किया जाएगा। इसके पूर्व सोमवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में रिडजी से जुड़े पदाधिकारियों ने ऐप की विशेषताओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। फाउंडर हरजिंदर सिंह छाबड़ा और डा सत्यप्रीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि रिडजी केवल एक राइड बुकिंग ऐप नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार का नया माध्यम भी बनेगा। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए यात्रियों को एक ही मोबाइल ऐप पर बाइक, आटो, कैब और पार्सल बुकिंग की सुविधा मिलेगी। ऐप का उद्देश्य सुरक्षित, भरोसेमंद और पारदर्शी परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है। फाउंडर दीपेश मोटवानी एवं सदस्य सुमित त्रिवेदी ने बताया कि रिडजी का विधिवत शुभारंभ 15 जुलाई को मकई गार्डन, धमतरी से होगा। पहले चरण में इसकी सेवाएं रायपुर, धमतरी और राजनांदगांव में शुरू की जाएंगी, जबकि इसके बाद भिलाई और दुर्ग सहित प्रदेश के अन्य शहरों तक इसका विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लॉन्चिंग के साथ ही प्लेटफॉर्म से 100 ऑटो, 10 बाइक, पांच कार और पांच पार्सल सेवा प्रदाता जुड़ चुके हैं। यात्रियों से दूरी के अनुसार पारदर्शी किराया लिया जाएगा। वहीं, शुरुआती दौर में ग्राहकों के लिए विशेष आफर्स और ड्राइवर पार्टनर्स के लिए आकर्षक जॉइनिंग लाभ भी उपलब्ध कराए जाएंगे। रिडजी प्रबंधन ने कहा कि उनकी प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद यात्रा, उचित एवं पारदर्शी किराया, तेज और आसान बुकिंग, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तथा उत्कृष्ट ग्राहक सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने धमतरी की जनता, प्रशासन, नागरिकों से रिडजी ऐप डाउनलोड कर स्थानीय स्तर पर विकसित इस पहल का समर्थन करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

