राजपुर जनपद में ग्रामीण योजनाओं की समीक्षा, अधूरे आवास जल्द पूरे करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राजपुर जनपद में ग्रामीण योजनाओं की समीक्षा, अधूरे आवास जल्द पूरे करने के निर्देश


बलरामपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत राजपुर में ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। आज बुधवार को सामने आई जानकारी के अनुसार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार दुबे की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों और विभागीय अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा कर योजनाओं को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वीबी-जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने संबंधित योजनाओं की स्थिति प्रस्तुत की। सीईओ दुबे ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। इसके लिए पंचायत स्तर पर कार्यों की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

वीबी-जी राम जी के तहत श्रमिकों की उपस्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही सड़क किनारे, स्कूलों की बाउंड्री और अन्य स्थानों पर पौधरोपण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। बोल्डर चेक, कंटूर ट्रेंच और गली प्लग जैसे जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को भी प्रस्तावों में शामिल करने को कहा गया।

आवास योजनाओं की समीक्षा के दौरान लंबे समय से शुरू नहीं हुए आवासों का निर्माण जल्द शुरू कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना तथा पीएम जनमन आवासों को पूरा करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी जानकारी ली गई। निरस्त जनमन आवासों की राशि वापस कराने, भूमि विवाद से जुड़े आवासों के प्रस्ताव तैयार करने और नए जनमन सर्वे के लिए पहाड़ी कोरवा हितग्राहियों के दस्तावेज जुटाने के निर्देश दिए गए। पीएम जनमन के तहत डीबीटी और आवास निर्माण शुरू नहीं करने वाले हितग्राहियों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के लिए पंचनामा प्रस्ताव प्रस्तुत करने को भी कहा गया।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक और व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण, सोख्ता गड्ढों, पूर्णता प्रमाण पत्र तथा बालिका शौचालयों की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा पीएम सूर्यघर योजना, पेंशन हितग्राहियों के केवाईसी सत्यापन, आंगनबाड़ी और आदि आदर्श योजना के निर्माण कार्यों तथा पुराने निर्माण कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्रों पर चर्चा हुई।

बैठक में करदाताओं की जानकारी और ‘हमर सुघर छत्तीसगढ़’ बेसलाइन सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के प्रभारी, तकनीकी सहायक, एसडीओ, करारोपण अधिकारी और अन्य शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story