मसाहती सर्वेक्षण में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर 1 राजस्व निरीक्षक और 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
मसाहती सर्वेक्षण में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर 1 राजस्व निरीक्षक और 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस


कोरबा, 06 मार्च (हि. स.)। कोरबा जिला कार्यालय में कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों की मासिक समीक्षा बैठक आज शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरूण कुमार किरण (आईएएस) ने की। इस दौरान अपर कलेक्टर ओंकार यादव और प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख टी.आर. भारद्वाज भी मौजूद रहे। बैठक में जिले में चल रहे मसाहती सर्वेक्षण सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिले के 113 मसाहती ग्रामों में चल रहे सर्वेक्षण कार्य की प्रगति का आकलन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 8 ग्रामों का अंतिम प्रकाशन और 12 ग्रामों का प्रारंभिक प्रकाशन किया जा चुका है, जबकि शेष ग्रामों में सर्वेक्षण कार्य जारी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ग्रामवार खसरों का सत्यापन, प्रारंभिक और अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा राजस्व अभिलेखों की स्वच्छ प्रतियां तैयार की जाएं।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि मसाहती ग्रामों के सर्वेक्षण कार्य की साप्ताहिक समीक्षा कलेक्टर द्वारा की जाएगी। सर्वेक्षण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर एक राजस्व निरीक्षक और 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस (एससीएन) जारी किया गया है।

इसके अलावा बैठक में डीसीएस के तहत रबी फसल सर्वेक्षण, सातवीं लघु सिंचाई संगणना, डिजिटल किसान किताब, सीमांकन कार्यों की प्रगति, वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत पट्टा नामांतरण, स्वामित्व योजना, नक्शा बटांकन और नवीनीकरण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story