सामुदायिक भवन के उपयोग की अनुमति नहीं मिलने पर भड़के वार्डवासी, निगम पहुंचकर महापौर से लगाई गुहार
महापौर रामू रोहरा ने कहा- सामुदायिक भवन सभी समाज के लिए, सभी कर सकते हैं उपयोग
धमतरी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। नवागांव वार्ड में नवनिर्मित सामुदायिक भवन के उपयोग की अनुमति नहीं मिलने से मुस्लिम समाज में नाराजगी है। समाजजनों का कहना है कि सामुदायिक भवन का निर्माण सभी समाजों की सुविधा के लिए किया गया है, ऐसे में किसी एक समाज को इसका उपयोग करने से रोकना उचित नहीं है। इस मामले को लेकर गुरुवार को नवागांव वार्ड के रहवासी नगर निगम कार्यालय पहुंचे और महापौर रामू रोहरा के समक्ष अपनी बात रखी।
महापौर ने उनकी शिकायत को संज्ञान में लेते हुए स्पष्ट किया कि सामुदायिक भवन का निर्माण सभी समाजों के लिए हुआ है और इसका उपयोग सभी कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार, नवागांव वार्ड क्रमांक आठ में पुराने सरकारी तालाब के पास आंगनबाड़ी के समीप सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है। पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में नगर निगम क्षेत्र में सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। पार्षदों की सहमति से इस राशि को विभाजित कर शहर के 40 वार्डों में छह-छह वार्डों के समूह के लिए 25-25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया गया। अब तक इन भवनों का उपयोग विभिन्न सामाजिक आयोजनों के लिए किया जाता रहा है, लेकिन नवागांव में निर्मित सामुदायिक भवन के उपयोग पर रोक लगाए जाने से समाज के लोगों में निराशा है।
पूर्व पार्षद आवेश हाशमी ने कहा कि कई महीनों से पार्षद द्वारा सामुदायिक भवन के उपयोग पर रोक लगाई जा रही है, जो उचित नहीं है। संविधान में सभी धर्मों और समाजों को समान अधिकार प्राप्त हैं। लोकतंत्र में सभी के लिए समान नियम होने चाहिए और मनमाने तरीके से किसी को सुविधा से वंचित करना सही नहीं है। वार्ड के वरिष्ठ नागरिक साहिल अहमद ने कहा कि सामुदायिक भवन सभी वार्डवासियों का है। सामाजिक कार्यों के लिए भवन उपलब्ध नहीं कराना उचित नहीं है।
इस संबंध में महापौर रामू रोहरा ने कहा कि वार्डवासियों की शिकायत मिली है, जिसे संज्ञान में लिया गया है। सामुदायिक भवन का निर्माण सभी समाजों के लिए किया गया है और इसका उपयोग सभी कर सकते हैं। निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी बात रखने वालों में रियाज अहमद, अरमान बेग, नाहिद खान, उस्मान, अल्तमस शराफत बेग, यासीन अली, अल्ताफ अशरफी, अनस अली, अख्तर अली, अब्दुल कादिर, शेख साजिद और यासीन अशरफ उर्फ सन्नी सहित अन्य वार्डवासी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

