धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में चांपा पुलिस ने किया आरोपित को गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में चांपा पुलिस ने किया आरोपित को गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 24 मार्च (हि. स.)। जिलें के चांपा थाना क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आज मंगलवार को एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भोजपुर निवासी योगेश कुमार देवांगन ने 15 मार्च 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके द्वारा आयोजित भागवत कथा कार्यक्रम के दौरान भोजपुर स्थित समलाई मंदिर के प्रवेश द्वार के सामने मुख्य मार्ग पर एक फ्लेक्स बैनर लगाया गया था।

घटना के दिन कलश यात्रा के दौरान, जब श्रद्धालु हसदेव नदी से जल भरकर लौट रहे थे, उसी समय आरोपित राजेश वाल्टर (71 वर्ष), निवासी मिशन फाटक रोड, भोजपुर चांपा ने उक्त बैनर को फाड़ दिया। इस घटना से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।

शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 111/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपित से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी कर आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 के तहत कार्रवाई की है। इस पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story