नवनिर्मित चंद्रमौलेश्वर महादेव मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी
बीजापुर, 09 जुलाई (हि.स.)।बीजापुर जिले के ग्राम मद्देड में नवनिर्मित शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की प्राण प्रतिष्ठा के बाद आज गुरुवार को धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी रहा।
शिव भक्तों ने नवनिर्मित शिव मंदिर का नाम चंद्रमौलेश्वर महादेव मंदिर रखा। इसके बाद पूरा मद्देड हर-हर महादेव और चंद्रमौलेश्वर महादेव की जय के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत गुरुवार को चंद्रमौलेश्वर महादेव का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। वैदिक परंपरा के अनुसार यह विशेष संस्कार भगवान के मामा के हाथों से कराया जाता है। आचार्य श्री द्विवेदी महाराज ने मद्देड के प्रसिद्ध एवं मिलनसार रहे बालाजी मेडिकल स्टोर्स के स्वर्गीय पी. संजय के पुत्र पी. सचिन को भगवान चंद्रमौलेश्वर महादेव का मामा घोषित किया। इसके बाद पी. सचिन ने पूरे विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ भगवान का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया।
इस अवसर पर शिखर प्रसाद पूजन, पंचदंश संस्कार तथा रुद्राभिषेक सहित कई धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न हुए। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी । महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने पूजा-अर्चना कर भगवान चंद्रमौलेश्वर महादेव से सुख, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। भगवान चंद्रमौलेश्वर महादेव के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए जगदलपुर और आंध्र समाज से भी श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान सुब्बा राव, श्रीनिवास और शंकर ने मंदिर पहुंचकर विधिवत दर्शन किए तथा महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आयोजन की भव्यता और धार्मिक वातावरण की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

