बिजली बिल से मिली राहत, समाधान योजना से बदली एक परिवार की तस्वीर
धमतरी, 06 अप्रैल (हि.स.)। बढ़ते बिजली बिल का बोझ अब आम उपभोक्ताओं के लिए राहत में बदलता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 के तहत जिले में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। यह योजना बकाया बिल से जूझ रहे उपभोक्ताओं को न केवल आर्थिक सहारा दे रही है, बल्कि उन्हें फिर से नियमित भुगतान की मुख्यधारा में भी जोड़ रही है।
धमतरी के विशाल परिवार के लिए भी बिजली बिल चिंता का बड़ा कारण बन चुका था। सीमित आय के चलते समय पर भुगतान नहीं हो पा रहा था और बकाया राशि लगातार बढ़ती जा रही थी। ऐसे में समाधान योजना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य डेनियल विशाल ने आवेदन किया। आसान प्रक्रिया और विभागीय सहयोग के चलते उन्हें जल्द ही योजना का लाभ मिल गया। योजना के तहत परिवार को बकाया मूल राशि में छूट मिली, सरचार्ज पूरी तरह माफ हुआ और शेष राशि को आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा दी गई। इससे परिवार को बड़ी आर्थिक राहत मिली और अब वे नियमित रूप से बिजली बिल चुका पा रहे हैं। डेनियल विशाल ने इस योजना को आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए सरकार के प्रति आभार जताया।
जिले में इस योजना की प्रगति भी उत्साहजनक है। अब तक 4,652 उपभोक्ताओं की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 4,115 ने ऑफलाइन आवेदन किया है और 537 उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिल चुका है। ये आंकड़े बताते हैं कि योजना तेजी से लोगों तक पहुंच रही है। इस योजना के तहत बीपीएल, घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है। बीपीएल उपभोक्ताओं को बकाया पर अधिकतम 75 प्रतिशत तक छूट तथा घरेलू व कृषि उपभोक्ताओं को 50 प्रतिशत तक राहत दी जा रही है। सभी श्रेणियों के लिए सरचार्ज पूरी तरह माफ किया गया है। उपभोक्ता केवल 10 प्रतिशत राशि जमा कर बाकी रकम आसान किस्तों में चुका सकते हैं।
मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 जरूरतमंद परिवारों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरी है। यह योजना न सिर्फ आर्थिक राहत दे रही है, बल्कि लोगों को फिर से व्यवस्थित जीवन की ओर बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रही है।
30 जून तक मिलेगा मौका:
योजना 12 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक लागू है। विद्युत विभाग शिविरों और जनजागरूकता अभियानों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने में जुटा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

