कोरबा के दूरस्थ गांवों के किसानों को मिली बड़ी राहत, परसदा में शुरू हुआ नया धान खरीद केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा के दूरस्थ गांवों के किसानों को मिली बड़ी राहत, परसदा में शुरू हुआ नया धान खरीद केंद्र


कोरबा, 19 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी की प्रक्रिया जारी है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोरबा जिले में आठ नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इनमें पाली विकासखंड का परसदा केंद्र भी शामिल है। इस केंद्र के शुरू होने से दूरस्थ गांवों के किसानों को अब धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। उन्हें अपने गांव के नजदीक ही धान विक्रय की सुविधा मिल रही है।

परसदा धान उपार्जन केंद्र से परसदा, बापापुती, शिवपुर और फूलवारीपारी सहित आसपास के गांवों के 400 से अधिक पंजीकृत किसान लाभान्वित होंगे। केंद्र शुरू होते ही यहां धान खरीद भी प्रारंभ हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए केंद्र में बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

ग्राम बोदलपारा निवासी किसान जानिक राम ने बताया कि उन्होंने अपने खेत में धान की 1010 किस्म लगाई है। इस वर्ष फसल अच्छी हुई है। उनके पास लगभग छह एकड़ कृषि भूमि है। पिछले वर्ष उन्होंने करीब 72 क्विंटल धान बेचा था और इस साल भी इतनी ही उपज होने की उम्मीद है। पहले उन्हें धान बेचने के लिए घर से करीब चार किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव के पास ही खरीद केंद्र शुरू होने से समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी। उन्होंने नजदीक में केंद्र खुलने को किसानों के लिए बड़ी राहत बताया। परसदा के अलावा जिले के सात अन्य स्थानों पर भी नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। नवापारा (सि.) केंद्र से नवापारा, पाल ढुरेना, कोठीखर्रा, सरपता, सिमगा, गड़रा, जामकछार और घोंसरा के किसानों को सुविधा मिलेगी।

इसी तरह परला केंद्र से कापनपारा, धुवापुर, चोटिया, परला, बनिया, भुजंगकछार, मड़ई, लमना, लाद, लालपुर और हड़मोरा के किसान जुड़ेंगे। डोडकी केंद्र से टाड़पखना, डोडकी, नवापारा, नानबांका, बहनाईपुर, बड़ेबांका, मदनपुर, सगुना, भोंडकछार, भेलवाटिकरा और पटपरा के किसानों को लाभ मिलेगा।

ढोलपुर केंद्र से जोरहाडबरी, खमरिया, ढोलपुर और पथरी; पुरेना केंद्र से पुरेना, खरहरी और जर्वे; चोड़ा केंद्र से चोड़ा, अंडीकछार और रामपुर तथा मुड़ाली केंद्र से मुड़ाली और कटसीरा के किसान धान बेच सकेंगे।

जिले में आठ नए धान खरीद केंद्र शुरू होने से दूरस्थ गांवों के किसानों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों तक जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे परिवहन खर्च और समय की बचत होगी। साथ ही पुराने खरीद केंद्रों पर किसानों की भीड़ कम करने और धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने में भी मदद मिलेगी। नए केंद्रों के माध्यम से किसानों को अपनी उपज का विक्रय नजदीक में ही करने की सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story