कोरबा में बिजली बिल बकायादारों को राहत, समाधान स्कीम की तारीख 31 दिसंबर तक बढ़ी

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में बिजली बिल बकायादारों को राहत, समाधान स्कीम की तारीख 31 दिसंबर तक बढ़ी


कोरबा, 09 अक्टूबर (हि. स.)। बिजली बिल के बकायादार उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली वितरण कंपनी की समाधान स्कीम को मिल रहे प्रतिसाद के बाद पंजीयन की समय-सीमा दूसरी बार बढ़ा दी गई है। अब योजना के पात्र उपभोक्ता 31 दिसंबर तक इसका लाभ ले सकेंगे।

ऐसे उपभोक्ता, जो पात्रता होने के बावजूद अब तक पंजीयन नहीं करा सके हैं, उनके पास बकाया बिजली बिल जमा करने और नियमानुसार छूट का लाभ उठाने का एक और अवसर है। कोरबा सिटी डिवीजन में अब तक 11,556 उपभोक्ता इस योजना के तहत पंजीयन करा चुके हैं। इनके माध्यम से 2 करोड़ 19 लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि जमा होने की उम्मीद है।

शुक्रवार काे मिली जानकारी के अनुसार बिजली बिल के बकायादारों को राहत देने और लंबित राजस्व की वसूली के उद्देश्य से 12 मार्च से समाधान स्कीम लागू की गई थी। योजना के तहत पात्र घरेलू, बीपीएल और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को निर्धारित शर्तों के अनुसार राहत देते हुए बकाया राशि जमा करने का अवसर दिया जा रहा है। भुगतान के लिए एकमुश्त राशि जमा करने के साथ किस्तों में भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है।

कोरबा सिटी डिवीजन के आंकड़ों के अनुसार, यहां कुल 43,169 उपभोक्ता दर्ज हैं। इनमें 30,360 सक्रिय उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया होने का उल्लेख है, जबकि 12,809 निष्क्रिय उपभोक्ता हैं। इस तरह बकाया बिल वाले सक्रिय उपभोक्ताओं की संख्या डिवीजन के कुल उपभोक्ताओं के मुकाबले काफी अधिक है। ऐसे में समाधान स्कीम बकाया राशि जमा करने के साथ उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत देने का माध्यम बन रही है।

30 सितंबर तक तुलसी नगर, पाड़ीमार और दर्री जोन को मिलाकर बीपीएल श्रेणी के 5,135 तथा घरेलू श्रेणी के 6,416 उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराया था। इस प्रकार इन दोनों श्रेणियों में कुल 11,551 पंजीयन दर्ज हुए। उपलब्ध आंकड़ों में कुल पंजीयन की संख्या 11,556 बताई गई है। पंजीयन के समय उपभोक्ताओं से कुल 53 लाख 19 हजार 500 रुपये जमा कराए गए थे। योजना के तहत निर्धारित छूट और पंजीयन के दौरान जमा राशि का समायोजन करने के बाद शेष देय राशि 2 करोड़ 19 लाख 16 हजार 441 रुपये बताई गई है, जिसे उपभोक्ताओं से वसूल किया जाना है।

समाधान स्कीम की अवधि बढ़ने से अब तक पंजीयन से वंचित पात्र उपभोक्ताओं को भी राहत पाने का अवसर मिलेगा। हालांकि, योजना का लाभ निर्धारित पात्रता और शर्तों के अनुसार ही मिलेगा। उपभोक्ताओं के लिए जरूरी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते पंजीयन कराएं और बकाया बिजली बिल का भुगतान कर अतिरिक्त आर्थिक बोझ से बचने का प्रयास करें।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story