जांजगीर-चांपा में उचित मूल्य दुकान का प्राधिकार पत्र निलंबित, स्टॉक में मिली बड़ी गड़बड़ी
जांजगीर-चांपा, 24 अगस्त (हि. स.)। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न के भंडारण और वितरण व्यवस्था की निगरानी के दौरान बड़ी अनियमितता सामने आई है। शिवरीनारायण तहसील के ग्राम पंचायत कोटिया में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान का प्राधिकार पत्र अनियमितता पाए जाने पर आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई खाद्य निरीक्षक शिवरीनारायण के निरीक्षण और भौतिक सत्यापन के बाद प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शिवरीनारायण द्वारा आज साेमवार काे की गई । जांच के दौरान दुकान में उपलब्ध वास्तविक स्टॉक और खाद्य विभाग की ऑनलाइन ई-पॉस वेबसाइट पर दर्ज स्टॉक में भारी अंतर पाया गया।
भौतिक सत्यापन के दौरान उचित मूल्य दुकान में 5.50 क्विंटल चावल, 4.20 क्विंटल शक्कर और 4 क्विंटल नमक उपलब्ध पाया गया। वहीं ऑनलाइन ई-पॉस रिकॉर्ड में दुकान का चावल स्टॉक 105.92 क्विंटल, शक्कर 1.19 क्विंटल और नमक 2.10 क्विंटल प्रदर्शित हो रहा था।
रिकॉर्ड और मौके पर मिले स्टॉक की तुलना करने पर चावल में 100.42 क्विंटल की कमी पाई गई। वहीं शक्कर में 3.01 क्विंटल और नमक में 1.90 क्विंटल अधिक स्टॉक पाया गया। खाद्य विभाग ने स्टॉक में इस तरह के अंतर को गंभीर अनियमितता मानते हुए छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 की कंडिका 5 (1), 5 (24), 11 (13), 13 (1) और 15 का उल्लंघन माना है।
खाद्य निरीक्षक के प्रतिवेदन के आधार पर ग्राम पंचायत कोटिया की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 542001094 के संचालक की एजेंसी का प्राधिकार पत्र आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।
प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि कार्रवाई के कारण राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके लिए कोटिया की उचित मूल्य दुकान को आगामी आदेश तक दुलारा महिला स्व-सहायता समूह अवरीद की शासकीय उचित मूल्य दुकान, आईडी क्रमांक 542001009 से संबद्ध किया गया है। अब संबंधित महिला स्व-सहायता समूह द्वारा ग्राम कोटिया के हितग्राहियों को निर्धारित खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में स्टॉक की पारदर्शिता और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता के खिलाफ सख्ती का संकेत मिला है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

