राशन विक्रेता कल्याण संघ ने ज्ञापन साैंपकर आंदोलन का किया ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
राशन विक्रेता कल्याण संघ ने ज्ञापन साैंपकर आंदोलन का किया ऐलान


जगदलपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। राशन दुकानदारों की समस्याओं को लेकर राशन विक्रेता कल्याण संघ ने आंदोलन का ऐलान किया है। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों का निराकरण नहीं होने पर एक नवंबर से उचित मूल्य की दुकानें बंद कर दी जाएंगी। संचालक अपनी ई-पॉस मशीनें भी संबंधित विभाग को सौंपेंगे। संघ ने बुधवार काे खाद्य मंत्री और जिला प्रशासन सहित जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भेजकर स्थानीय समस्याओं के निराकरण की मांग की है।

राशन विक्रेता कल्याण संघ के अध्यक्ष अजंबर सेठिया ने पत्रकाराें से कहा कि समस्याओं को लेकर लंबे समय से आवेदन और निवेदन किए जा रहे हैं, लेकिन ठोस समाधान नहीं मिलने से दुकानदार परेशान हैं। अब जिलास्तर की समस्याओं का निराकरण होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है। संघ ने राशन परिवहन के दौरान खाद्यान की मात्रा में होने वाली कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसकी भरपाई दुकानदारों से नहीं कराई जानी चाहिए। खाद्यान का आवंटन वास्तविक वजन के आधार पर करने की मांग की गई है। ग्रामीण और अंदरूनी क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के कारण ई-पॉस मशीनों से वितरण प्रभावित होने की शिकायत भी ज्ञापन में की गई है। संघ ने ऐसी स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग रखी है। इसके साथ ही लंबित भुगतान, कमीशन और मार्जिन राशि का नियमित भुगतान करने और हम्माली जैसे खर्चाें को देखते हुए अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की मांग की गई है।

राशन दुकानदारों कहाना है कि ई-पॉस मशीन में नेटवर्क या सर्वर की समस्या आने पर राशन वितरण की प्रक्रिया रुक सकती है। ऐसे में दुकान संचालक के साथ राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों को भी परेशानी होती है। खासकर रोज कमाकर खाने वाले परिवारों को दोबारा दुकान पहुंचने में समय और मजदूरी का नुकसान हो सकता है। वैकल्पिक व्यवस्था की मांग इसी समस्या से जुड़ी है। इससे लोगो 'को राशन मिलता रहेगा। ई-पॉस यानी इलेक्ट्रॉनिक पॉइंट ऑफ सेल मशीन के जरिए उचित मूल्य दुकानों पर राशन वितरण की डिजिटल प्रक्रिया पूरी की जाती है। इसमें लाभार्थी की पहचान और वितरण का रिकॉर्ड दर्ज होता है। मशीन या नेटवर्क में तकनीकी खराबी आने पर प्रक्रिया बाधित हो सकती है। इसलिए समय पर तकनीकी सहायता और वैकल्पिक व्यवस्था राशन वितरण को सुचारु बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768139 Articles

Share this story