राशनकार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए 28 से 30 सितंबर तक सेवा सेतु कैंप

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। राशनकार्ड से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए खाद्य विभाग द्वारा 28 से 30 सितंबर तक जिला मुख्यालय और सभी जनपद पंचायतों में सेवा सेतु कैंप लगाए जाएंगे। आज शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन कैंपों के अलावा अभियान अवधि में लगने वाले अन्य शिविरों में भी खाद्य विभाग की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

कैंप में राशनकार्ड सदस्यों की ई-केवाईसी, आधार और मोबाइल नंबर सीडिंग तथा राशनकार्ड में संशोधन से संबंधित कार्य किए जाएंगे। नए राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी जाएगी तथा प्राप्त आवेदनों का मौके पर निराकरण किया जाएगा।

इसके अलावा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरित चावल, चना, नमक, शक्कर और गुड़ के नमूने प्रदर्शित किए जाएंगे। नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने के लिए ‘अन्न सहायता’ पोर्टल, कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663 और सीएम हेल्पलाइन की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

खाद्य विभाग ने नागरिकों से सेवा सेतु कैंप में पहुंचकर राशनकार्ड से संबंधित सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story