अंबिकापुर : कुकुटरापारा के संतोष को गांव में ही मिला राशन कार्ड, मुख्यमंत्री का जताया आभार

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर : कुकुटरापारा के संतोष को गांव में ही मिला राशन कार्ड, मुख्यमंत्री का जताया आभार


अंबिकापुर, 23 मई (हि.स.)। राज्य में आयोजित हो रहे 'सुशासन तिहार' के जनसमस्या निवारण शिविर आम जनता के लिए राहत और सुविधा का एक सशक्त माध्यम बन रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ अब समाज के अंतिम व्यक्ति तक सीधे पहुँच रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी उत्साह और संतोष का माहौल है। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कुकुटरापारा के निवासी संतोष को जब उनके अपने ही गांव में आयोजित समाधान शिविर में राशन कार्ड मिला, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने इस त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।

हितग्राही संतोष ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि पहले राशन कार्ड न होने के कारण उन्हें चावल और अन्य आवश्यक खाद्यान्न मिलने में काफी दिक्कत हो रही थी। कार्ड बनवाने के लिए उन्हें कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़े और इधर-उधर भटकना पड़ा। लेकिन सुशासन तिहार के दौरान उनके गांव में ही लगाए गए शिविर ने उनकी इस पुरानी समस्या का मौके पर ही समाधान कर दिया और बिना किसी भागदौड़ के उन्हें नया राशन कार्ड सौंप दिया गया। संतोष ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार का आयोजन कर ग्रामीणों को एक बहुत बड़ी सुविधा दी है, जिससे अब उन्हें अपने हक के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है।

गौरतलब है कि इन जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे गांव और पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। सुशासन तिहार के तहत प्राप्त होने वाली शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है, जिसकी वजह से आम जनता को अब छोटे-छोटे कामों के लिए भी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिल गई है। शासन की इस संवेदनशीलता और अनूठी पहल से सरकारी योजनाएं अब सीधे जनता के द्वार तक पहुँच रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन की एक नई तस्वीर उभर कर सामने आ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story