रायपुर : तय सीमा में नहीं हुआ राशन कार्ड में नाम सुधार, तिल्दा नगर पालिका के सीएमओ पर सौ रुपये का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now

- समय सीमा में कार्य न करने पर कलेक्टर ने की कार्रवाई

रायपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। रायपुर जिले के तिल्दा नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमिताभ शर्मा पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 100 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एक हितग्राही के राशन कार्ड में नाम सुधार का आवेदन प्राप्त हुआ था। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत इसके लिए 30 दिन की समय सीमा निर्धारित है। परंतु निर्धारित समय सीमा के भीतर नाम सुधार का कार्य पूर्ण नहीं किया गया, जिसके कारण सीएमओ के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि, सभी विभाग लोक सेवा गारंटी अधिनियम का अनिवार्य रूप से पालन करें। जिस विभाग में निर्धारित समय सीमा के भीतर आम जनता को लाभ नहीं दिया जाएगा, संबंधित अधिकारी पर शासन के नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने समस्त विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि, आवेदनों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ बिना विलंब के मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story