रथयात्रा महोत्सव: हर द्वार गूंजेगा जय जगन्नाथ का जयकारा

WhatsApp Channel Join Now
रथयात्रा महोत्सव: हर द्वार गूंजेगा जय जगन्नाथ का जयकारा


108 वें रथयात्रा महोत्सव में उमड़ेगा आस्था का सागर

धमतरी, 13 जुलाई (हि.स.)। स्थानीय श्री जगदीश मंदिर ट्रस्ट द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ की 108 वें रथयात्रा महोत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। महोत्सव में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर के प्रत्येक घर तक निमंत्रण पत्र पहुंचाए जा रहे हैं।

ट्रस्ट ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं परिवारों से इस ऐतिहासिक रथयात्रा में शामिल होकर महाप्रभु श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ 15 जुलाई को सुबह 10 बजे श्री महाप्रभु की प्राण प्रतिष्ठा एवं हवन-पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात 16 जुलाई को सुबह पांच बजे मंगल आरती एवं दिव्य दर्शन होंगे। इसी दिन दोपहर एक बजे भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की भव्य एवं आकर्षक रथयात्रा श्री जगदीश मंदिर से प्रारंभ होकर राष्ट्रीय गौशाला तक निकलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

धार्मिक परंपरा के अनुसार महास्नान के पश्चात अस्वस्थ हुए महाप्रभु को पिछले शनिवार से प्रतिदिन 20 दिव्य द्रव्यों से निर्मित औषधियुक्त काढ़ा अर्पित किया जा रहा है। सोमवार को भी इस परंपरा का विधिवत निर्वहन किया गया। 14 जुलाई, मंगलवार सुबह 7:30 बजे काढ़ा उपचार का अंतिम दिन रहेगा। पूर्णतः स्वस्थ होने के उपरांत महाप्रभु भक्तों को दर्शन देने गर्भगृह से निकलकर नगर भ्रमण करेंगे। श्री जगदीश मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष किरण कुमार गांधी, उपाध्यक्ष सत्यनारायण राठी, सचिव प्रकाश गांधी, सहसचिव मोहन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लख्मशी भानुशाली सहित सभी ट्रस्टियों एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों ने नगरवासियों से परिवार सहित रथयात्रा महोत्सव में शामिल होकर इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन को भव्य और दिव्य बनाने का आग्रह किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story