ज्योत कलश की दरों में हुई बढ़ोतरी, पहली रसीद विधायक किरण देव के नाम से काटी गई

WhatsApp Channel Join Now
ज्योत कलश की दरों में हुई बढ़ोतरी, पहली रसीद विधायक किरण देव के नाम से काटी गई


जगदलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। मां दंतेश्वरी मंदिर में शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू हो रही है, 15 दिन पहले ही ज्योत कलश की बुकिंग शुरू कर दी गई है। पहली रसीद (घी की ज्योत) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण देव के नाम से काटी गई। तेल की ज्योत की पहली बुकिंग महेंद्र पटेल ने कराई।

दंतेश्वरी माई के दरबार में इस बार मनोकामना ज्योत प्रज्वलित करना श्रद्धालुओं की जेब पर थोड़ा भारी पड़ेगा। दंतेवाड़ा मंदिर के बाद अब जगदलपुर स्थित दंतेश्वरी मंदिर में भी मनोकामना ज्योत की दरों में बढ़ोतरी कर दी गई है।

मंदिर समिति के नए फैसले के तहत इस बार तेल की ज्योत के लिए 901 रुपए और घी की ज्योत के लिए 1901 रुपए तय किए गए हैं। टेंपल कमेटी को इस बार लगभग 07 हजार मनोकामना ज्योत जलने की उम्मीद है। इसके लिए मंदिर के मुख्य द्वार पर सुबह 09 से शाम 07 बजे तक काउंटर संचालित किया जा रहा है। मंदिर कमेटी से मिली जानकारी के अनुसार नवरात्रि में दंतेश्वरी माई के दरबार में मनोकामना ज्योत जलवाने के लिए इस बार नई दरें लागू की गई हैं। मंदिर समिति की ओर से काउंटर के साथ ऑनलाइन माध्यम से भी रसीद कटाने की व्यवस्था की गई है। नवरात्रि अक्टूबर से शुरू होगी। उल्लेखनीय है कि पिछले साल तेल की ज्योत के लिए 751 और घी की ज्योत जलाने के लिए 1750 रुपये लिए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story