जांजगीर जिला जेल में दुष्कर्म के आरोपित ने लगाई फांसी, मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर जिला जेल में दुष्कर्म के आरोपित ने लगाई फांसी, मचा हड़कंप


जांजगीर-चांपा, 09 जून (हि. स.)। जिले की जिला जेल खोखरा में मंगलवार सुबह एक गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म के आरोप में बंद विचाराधीन कैदी ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद जेल प्रशासन, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बलौदा थाना क्षेत्र में दर्ज नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपित दुवास केवट को सोमवार 8 जून को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जिला जेल खोखरा भेजा गया था। जेल में दाखिल होने के महज एक दिन बाद आज मंगलवार सुबह उसका शव जेल के बाथरूम में कपड़े के फंदे से लटका हुआ मिला।

बताया जा रहा है कि सुबह जेल के नियमित निरीक्षण और गतिविधियों के दौरान बंदी के बाथरूम में होने की जानकारी मिली। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं निकला तो जेल कर्मचारियों ने जांच की। इस दौरान आरोपित का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम जिला जेल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया।

घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। यह जांच का विषय बना हुआ है कि आरोपित को फांसी लगाने के लिए आवश्यक सामग्री कैसे उपलब्ध हुई और जेल के भीतर सुरक्षा निगरानी में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story