नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा गया जेल
धमतरी, 06 जून (हि.स.)। महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रूद्री पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म एवं लैंगिक शोषण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर आज शनिवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित ने नाबालिग को प्रेम और विवाह का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया था। पीड़िता की शिकायत पर थाना रूद्री में भारतीय न्याय संहिता की धारा तथा पॉक्सो एक्ट की धारा के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान पीड़िता का कथन दर्ज किया गया, चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा अन्य आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित हरिशंकर सेन (19 वर्ष) निवासी थाना रूद्री क्षेत्र, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई को महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में कठोर कार्रवाई होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

