अंबिकापुर : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार


अंबिकापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 3 अप्रैल 2026 को थाना गांधीनगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपित महेश कुमार गुप्ता ने 10 अगस्त 2023 से 20 फरवरी 2026 के बीच शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 178/26 के तहत धारा 69 बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने पीड़िता का बयान दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की। सतत प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपित महेश कुमार गुप्ता (30 वर्ष), निवासी छिछोर उमरिया, रायगढ़ (हाल मुकाम साईं मंदिर गली, गांधीनगर, अंबिकापुर) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी (ग्रामीण) तुल सिंह पट्टावी ने किया। वहीं थाना गांधीनगर से उप निरीक्षक दिलीप दुबे, महिला आरक्षक सरस्वती, प्रिया रानी और आरक्षक जानकी राजवाड़े की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story