छत्तीसगढ़ के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, चंदलीडीह में शुरू हुआ रामनामी इको टूरिज्म
जांजगीर चांपा/सारंगढ़-बिलाईगढ़,25 नवंबर (हि. स.)। जिले को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और यहां की प्राकृतिक सुंदरता एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम चंदलीडीह में जिला प्रशासन एवं रामनामी समुदाय के संयुक्त प्रयासों से रामनामी इको टूरिज्म की शुरुआत की गई है। इसका शुभारंभ बुधवारा को अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने फीता काटकर किया।
इस पर्यटन स्थल की खास बात यह रही कि शुभारंभ के पहले ही दिन फ्रांस से आए दो विदेशी पर्यटकों ने चंदलीडीह पहुंचकर यहां की प्राकृतिक खूबसूरती और सांस्कृतिक परिवेश का अनुभव किया। विदेशी पर्यटकों की आमद से इस क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद बढ़ी है। देशी-विदेशी पर्यटकों के संभावित आवागमन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यहां पर्यटन सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि पर्यटकों को एक यादगार अनुभव मिल सके।
प्रकृति की खूबसूरती के साथ रोमांचक गतिविधियों का आनंद
रामनामी इको टूरिज्म, चंदलीडीह में पर्यटकों के लिए प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताने के साथ रोमांच से भरपूर गतिविधियों का अनुभव करने का अवसर मिलेगा। यहां पिकनिक, बोटिंग, बंबू राफ्टिंग, कायाकिंग, नाइट कैंपिंग और सतखंडा पहाड़ ट्रैकिंग जैसी आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध हैं। पर्यटक पहाड़ी प्राकृतिक परिवेश का आनंद लेने, पानी में रोमांचक गतिविधियों का अनुभव करने और खुले आसमान के नीचे कैंपिंग के माध्यम से प्रकृति के करीब समय बिता सकेंगे। परिवार, दोस्तों और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह स्थान एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनने की क्षमता रखता है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

