जांजगीर चांपा: रामबांधा तालाब की सफाई अभियान शुरू, कलेक्टर के निर्देशन में व्यापक पहल
जांजगीर-चांपा, 15 अप्रैल (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में चांपा नगर के ऐतिहासिक रामबांधा तालाब की सफाई के लिए व्यापक अभियान की शुरुआत आज बुधवार से कर दी गई है। लंबे समय से उपेक्षित इस प्रमुख जलस्रोत को पुनर्जीवित करने की दिशा में प्रशासन द्वारा यह कदम उठाया गया है, जिसे नगरवासियों की एक बड़ी मांग माना जा रहा था।
अभियान के तहत तालाब में फैली जलकुंभी को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया है। जलकुंभी के कारण तालाब की जल गुणवत्ता प्रभावित हो रही थी और जलस्रोत का उपयोग भी सीमित हो गया था। अब इस सफाई अभियान के जरिए न केवल तालाब को स्वच्छ बनाया जाएगा, बल्कि इसके संरक्षण और सौंदर्यीकरण की दिशा में भी आगे की योजनाएं लागू की जाएंगी।
इस अभियान को प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड, चांपा के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। कंपनी द्वारा सामाजिक दायित्व के तहत इस कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई जा रही है, जिससे तालाब के समग्र विकास को गति मिलेगी।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे के साथ नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, पार्षदगण, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने इस दौरान कहा कि तालाब की स्वच्छता सुनिश्चित कर जल की गुणवत्ता में सुधार लाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और नगरवासियों को स्वच्छ एवं सुंदर जलस्रोत उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि, जिले में अन्य जलस्रोतों के संरक्षण के लिए भी इसी प्रकार के ठोस और निरंतर प्रयास किए जाएंगे। प्रशासन की इस पहल का नगरवासियों ने स्वागत करते हुए सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में पर्यावरणीय संतुलन और जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

