दो महीने बाद रामानुजगंज की वन वाटिका में फिर शुरू हुई बोटिंग, झारखंड और यूपी से भी पहुंचते हैं पर्यटक

WhatsApp Channel Join Now
दो महीने बाद रामानुजगंज की वन वाटिका में फिर शुरू हुई बोटिंग, झारखंड और यूपी से भी पहुंचते हैं पर्यटक


बलरामपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के एकमात्र चर्चित बोटिंग स्थल रामानुजगंज की वन वाटिका में करीब दो महीने बाद एक बार फिर नौका विहार शुरू हो गया है। बारिश के दौरान बांध में जलस्तर बढ़ने और सुरक्षा संबंधी आशंकाओं के चलते वन विभाग ने बोटिंग का संचालन बंद करवा दिया था। अब पानी का स्तर कम होने के बाद बीते शनिवार से फिर से नौका विहार शुरू कर दिया गया है।

रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. दिलरुबा ए. बानो ने जलभराव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर बोटिंग बंद कराने का निर्णय लिया था। पानी कम होने के बाद पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसका संचालन दोबारा शुरू किया गया है।

बलरामपुर जिले में कई बांध और जलाशय हैं, लेकिन बोटिंग की सुविधा फिलहाल केवल रामानुजगंज की वन वाटिका में उपलब्ध है। यही वजह है कि यहां स्थानीय पर्यटकों के साथ पड़ोसी राज्य झारखंड और उत्तर प्रदेश से भी लोग नौका विहार का आनंद लेने पहुंचते हैं। वन वाटिका का आकर्षण पर्यटकों को छुट्टियां बिताने के लिए भी खींचता है। यहां बोटिंग का संचालन महिला समूह द्वारा किया जा रहा है, जिससे महिलाओं को रोजगार मिलने के साथ महिला सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिल रहा है।

वन वाटिका में नौका विहार की शुरुआत 12 अप्रैल को वन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हुई थी। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने बतौर मुख्य अतिथि इसका विधिवत शुभारंभ किया था। इस दौरान उन्होंने वन वाटिका के विकास को लेकर घोषणाएं भी की थीं। अब यहां सुविधाओं के विस्तार की दिशा में काम आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777295 Articles

Share this story