महाष्टमी पर महामाया और पहाड़ी माई मंदिर में उमड़ी भीड़, दूसरे राज्यों से भी पहुंचे श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
महाष्टमी पर महामाया और पहाड़ी माई मंदिर में उमड़ी भीड़, दूसरे राज्यों से भी पहुंचे श्रद्धालु


बलरामपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि की महाष्टमी पर रविवार को रामानुजगंज के मां महामाया मंदिर और सात पहाड़ियों के बीच स्थित पहाड़ी माई मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही माता के दर्शन के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजते रहे और भक्तों ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

महाष्टमी के अवसर पर दोनों मंदिरों में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा कर माता का आशीर्वाद लिया।

296 सीढ़ियां चढ़कर पहाड़ी माई के दर्शन करने पहुंचे भक्त

नगर के वार्ड क्रमांक 14 में स्थित पहाड़ी माई मंदिर महाष्टमी पर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा। करीब 900 फीट की ऊंचाई पर स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्तों ने 296 सीढ़ियां चढ़ीं। कठिन चढ़ाई के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा और माता के जयकारों के बीच भक्त दर्शन के लिए पहुंचते रहे।

धार्मिक महत्व के साथ यह मंदिर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी जाना जाता है। यहां से कन्हर नदी और झारखंड के गोदरमाना क्षेत्र का मनोरम दृश्य दिखाई देता है। मंदिर तक पहुंचने की सुविधा के लिए 562 मीटर लंबी सीसी सड़क बनाई गई है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों से भी पहुंचा जा सकता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड और प्रकाश व्यवस्था भी की गई है।

कन्या पूजन के बाद भंडारे में बांटा गया प्रसाद

महाष्टमी पर नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में पहाड़ी माई मंदिर समिति की ओर से कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार कन्याओं का पूजन कर उन्हें माता का स्वरूप मानकर आराधना की गई। इसके बाद मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

महाष्टमी पर दोनों प्रमुख मंदिरों में उमड़ी भीड़ से रामानुजगंज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। पूरे दिन मंदिरों में पूजा-अर्चना और भक्तिमय माहौल बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763214 Articles

Share this story