रामानुजगंज में छठ व्रतधारियों को निशुल्क बांटी आम की लकड़ी

WhatsApp Channel Join Now
रामानुजगंज में छठ व्रतधारियों को निशुल्क बांटी आम की लकड़ी


बलरामपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रामानुजगंज में छठ व्रतधारियों की सुविधा के लिए साहू समाज युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता अंकित गुप्ता और उनकी पत्नी प्रियंका गुप्ता ने सराहनीय पहल की। दोनों ने गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे छठ व्रतधारियों को प्रसाद तैयार करने के लिए आम की लकड़ी का निशुल्क वितरण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अंकित गुप्ता और प्रियंका गुप्ता ने भगवान सूर्यदेव के चित्र पर माल्यार्पण और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद उपस्थित छठ व्रतधारियों को आम की लकड़ी वितरित की गई। इस पहल से छठ पूजा की तैयारी कर रहे व्रतधारियों को काफी सहूलियत मिली।

छठ महापर्व में शुद्धता और पवित्रता का विशेष महत्व होता है। इस दौरान व्रतधारी पारंपरिक रूप से आम की लकड़ी का उपयोग कर भगवान सूर्यदेव और छठी मैया को अर्पित किए जाने वाले प्रसाद तैयार करते हैं। ऐसे में पूजा के लिए आम की लकड़ी की व्यवस्था करना तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। इसी जरूरत को देखते हुए अंकित गुप्ता और प्रियंका गुप्ता ने व्रतधारियों को निःशुल्क लकड़ी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।

इस सामाजिक पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की और इसे धार्मिक आस्था के साथ जनसेवा से जुड़ा प्रयास बताया। कार्यक्रम में मीरा गुप्ता, विकास दुबे, मनोज तिवारी, पवन पांडे, विनय पांडेय, पार्षद पवन गुप्ता, पार्षद सुमित गुप्ता, विष्णु पांडेय, उज्ज्वल तिवारी, विकास गुप्ता, अमित गुप्ता और प्रकाश मालाकार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story