बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में धान के खेत में उतरी स्कूल बस, 50 से अधिक बच्चे सुरक्षित
बलरामपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, भवरमाल की बस गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे आरागाही मार्ग पर हादसे का शिकार हो गई। सड़क पर अचानक आए एक बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क से नीचे उतरकर धान के खेत में जा पहुंचा। हादसे में करीब 60 वर्षीय सिद्धि सरकार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका एक पैर टूट गया। राहत की बात रही कि बस में सवार 50 से अधिक स्कूली बच्चे सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान आरागाही मार्ग पर कांग्रेस नेता कार्तिक माझी के घर के पास सिद्धि सरकार अचानक अपने घर से निकलकर सड़क पर आ गए। इसी बीच सामने से आ रही स्कूल बस उनकी चपेट में आ गई।
बताया गया कि बुजुर्ग को बचाने के लिए चालक ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन सड़क से नीचे उतरकर धान के खेत में चला गया। हादसे में सिद्धि सरकार का पैर टूट गया। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
हादसे के समय बस में 50 से अधिक बच्चे सवार थे। बस के सड़क से उतरकर खेत में पहुंचने के बावजूद किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई। घटना के बाद बच्चों के सुरक्षित होने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

