फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत रामानुजगंज महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दी गई बचाव की जानकारी
बलरामपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। फाइलेरिया यानी हाथीपांव रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसके उन्मूलन में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासकीय लरंग साय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को रोग के संक्रमण, लक्षण, कारण और बचाव के तरीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला मलेरिया कार्यालय बलरामपुर से पहुंचे राज कुमार मेहरा (डीएमसी) और जसवंत यादव (मलेरिया कंसल्टेंट) ने बताया कि फाइलेरिया संक्रमित मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलने वाला रोग है। इसके लक्षण संक्रमण के कई वर्षों बाद भी सामने आ सकते हैं। समय पर सावधानी और स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्धारित दवाओं का सेवन इस बीमारी से बचाव के लिए महत्वपूर्ण है।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को फाइलेरिया के परजीवी के जीवन चक्र और शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया। इसके लिए वीडियो प्रस्तुति का भी सहारा लिया गया, जिससे विद्यार्थियों को संक्रमण की प्रक्रिया और रोग के प्रभावों को समझने में आसानी हुई। उन्होंने अभियान के तहत पात्र लोगों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित दवाओं का सेवन करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने फाइलेरिया के संक्रमण, उपचार, दवा सेवन और बचाव से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने उनके सवालों का सरल और वैज्ञानिक तरीके से जवाब देकर भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एसबी यादव ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक रमेश कुमार खैरवार, योगेश कुमार, वेद कुमार पैकरा, एमडी आकिफ, राजेंद्र विजयवार और अभिषेक कटकवार सहित महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फाइलेरिया के प्रति जागरूक कर उन्हें समाज में इस संदेश का वाहक बनाना था। एनएसएस इकाई के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों तक बीमारी से बचाव तथा सामूहिक दवा सेवन की जानकारी पहुंचाएं, ताकि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

