बलरामपुर : अज्ञात वाहन की टक्कर से 17 वर्षीय किशोर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : अज्ञात वाहन की टक्कर से 17 वर्षीय किशोर की मौत


बलरामपुर, 16 जून (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जनपद बैरियर से आगे टर्निंग के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कनकपुर निवासी मनमोहन रवि (17 वर्ष) मंगलवार को किसी काम से रामानुजगंज आया हुआ था। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे वह लरंगसाय चौक के पास अपने फुफेरे भाई की बाइक लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान जनपद बैरियर पार करने के बाद एक मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय मनमोहन हेलमेट नहीं पहना हुआ था। हादसे में उसके सिर तथा पेट के पास गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल इसकी सूचना रामानुजगंज पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को एम्बुलेंस की सहायता से रामानुजगंज के सौ बिस्तर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम रामानुजगंज के सौ बिस्तर अस्पताल में कराया जाएगा। वहीं दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे ग्राम कनकपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story