रामानुजगंज में छठ महापर्व की तैयारी तेज, कन्हर नदी के घाटों पर जुटा नगर पालिका का अमला

WhatsApp Channel Join Now
रामानुजगंज में छठ महापर्व की तैयारी तेज, कन्हर नदी के घाटों पर जुटा नगर पालिका का अमला


13 से 16 नवंबर तक चलेगा चार दिवसीय छठ पर्व

बलरामपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। रामानुजगंज में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 13 से 16 नवंबर तक मनाए जाने वाले इस पर्व के लिए कन्हर नदी सहित शहर के अलग-अलग घाटों पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। हर साल छठ पूजा के दौरान रामानुजगंज और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए नगर पालिका, स्थानीय प्रशासन और छठ पूजा समितियां मिलकर घाटों को व्यवस्थित करने में जुटी हैं।

कन्हर नदी तट स्थित छठ घाट पर पर्व के दौरान सबसे अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। व्रती यहां नदी में स्नान कर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए घाट तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि छठ पर्व नगर का सामूहिक आयोजन है। इसमें छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगरवासी, नगर पालिका और पूजा समितियां मिलकर काम करती हैं। नगर पालिका की ओर से विभिन्न घाटों पर उपलब्ध संसाधनों के अनुसार जरूरी व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि राम मंदिर घाट, शिव मंदिर घाट के साथ वार्ड 3, वार्ड 5 और वार्ड 7 के अंतर्गत आने वाले अन्य घाटों पर भी व्यवस्था की जा रही है। संबंधित छठ पूजा समितियां अपने स्तर पर तैयारियों में जुटी हैं। नगर पालिका की ओर से भी समितियों को सहयोग दिया जा रहा है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि कन्हर नदी घाट तक पहुंचने के लिए रास्ते को बेहतर बनाया जा रहा है। छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय कर श्रद्धालुओं की जरूरतों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

छठ महापर्व के दौरान घाटों पर भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है। घाट तक आने-जाने के रास्तों, प्रवेश और निकास स्थलों तथा अधिक भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन की टीम भी मेले और घाट क्षेत्र में तैनात रहेगी।

श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान रखने के लिए पार्किंग और यातायात की व्यवस्था की जा रही है, ताकि वाहनों के कारण रास्तों पर जाम की स्थिति न बने। नगर पालिका और प्रशासन का प्रयास है कि छठ व्रती शांतिपूर्ण और सुविधाजनक माहौल में पूजा कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775652 Articles

Share this story