रामानुजगंज में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई आंवला नवमी, महामाया मंदिर में महिलाओं ने की पूजा
कन्हर नदी तट स्थित मंदिर परिसर में जुटीं महिलाएं, आंवला वृक्ष की परिक्रमा कर सुनी कथा और पेड़ के नीचे बैठकर ग्रहण किया प्रसाद
बलरामपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर मनाए जाने वाले इस पर्व को अक्षय नवमी भी कहा जाता है।
इस अवसर पर कन्हर नदी तट स्थित मां महामाया मंदिर में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आंवला वृक्ष की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद महिलाओं ने पेड़ के नीचे बैठकर भोजन और प्रसाद ग्रहण किया।
मां महामाया मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडेय ने बताया कि कार्तिक मास भगवान विष्णु की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इस महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आंवला नवमी मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार आंवला वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। इसलिए इस दिन वृक्ष की पूजा करने का विशेष महत्व है।
उन्होंने बताया कि आंवला नवमी पर महिलाएं वृक्ष की पूजा करती हैं, उसकी परिक्रमा लगाती हैं और कलावा बांधती हैं। इसके बाद कथा सुनने और आंवला पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करने की परंपरा है। इस दिन ब्राह्मणों को दान देने का भी विशेष महत्व बताया गया है। रामानुजगंज के महामाया मंदिर परिसर में यह परंपरा लंबे समय से निभाई जा रही है।
श्रद्धालु महिला नागवंती पांडेय ने बताया कि अक्षय नवमी पर महिलाएं आंवला वृक्ष की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना करती हैं। इस दिन घरों में मीठे पकवान तैयार किए जाते हैं और वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उन्होंने भी आंवला वृक्ष की पूजा की, कथा सुनी और पेड़ के नीचे बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं ने परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्तिक मास में आंवला नवमी का विशेष महत्व
धार्मिक मान्यताओं में कार्तिक मास को अत्यंत पवित्र माना गया है। इस महीने में भगवान विष्णु की पूजा और धार्मिक कार्यों का विशेष महत्व होता है। आंवला नवमी पर वृक्ष की पूजा और उसके नीचे भोजन करने की परंपरा इसी आस्था से जुड़ी है। रामानुजगंज में भी महिलाएं हर साल श्रद्धा और भक्ति के साथ इस पर्व को मनाती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

