नैला में 22 अक्टूबर से गूंजेगा रामनाम, 34 वर्षों से चली आ रही नवधा रामायण की परंपरा

WhatsApp Channel Join Now
नैला में 22 अक्टूबर से गूंजेगा रामनाम, 34 वर्षों से चली आ रही नवधा रामायण की परंपरा


जांजगीर-चांपा, 21 अक्टूबर (हि. स.)। नैला में 22 अक्टूबर से नवधा रामायण का भव्य आयोजन होने जा रहा है। श्री शिवशक्ति धर्म सेवा समिति नैला के तत्वावधान में रेलवे स्टेशन नैला के सामने स्थित श्री राम मंदिर परिसर में 22 से 31 अक्टूबर 2026 तक दस दिवसीय नवधा रामायण का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान रामचरितमानस के पाठ, भजन और मानस गायन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। आयोजन में भाग लेने वाली उत्कृष्ट मानस गायन मंडलियों को कुल 32 हजार रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

समिति के संरक्षक एवं जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने बताया कि नैला में पिछले 34 वर्षों से लगातार नवधा रामायण का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इस वर्ष भी आयोजन को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। दस दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और मानस प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है।

मानस गायन मंडलियों को मिलेंगे 32 हजार रुपये के पुरस्कार

नवधा रामायण में शामिल होने वाली मानस गायन मंडलियों को प्रोत्साहित करने के लिए समिति ने आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की है। इसमें प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 7 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये और चतुर्थ पुरस्कार 3 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा छह मंडलियों को एक-एक हजार रुपये के विशेष सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। इस प्रकार कुल 32 हजार रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

श्रद्धालुओं और मानस मंडलियों से शामिल होने की अपील

विधायक ब्यास कश्यप ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, मानस प्रेमियों और गायन मंडलियों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नवधा रामायण जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। आयोजन के दौरान रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों और मानस गायन के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story