रक्षाबंधन से पहले खाद्य दुकानों पर छापा, तीन सैंपल जांच के लिए भेजे

WhatsApp Channel Join Now
रक्षाबंधन से पहले खाद्य दुकानों पर छापा, तीन सैंपल जांच के लिए भेजे


‘‘बने खाबो बने रहिबो 2.0’’ अभियान के तहत डेयरी और मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण

सूरजपुर, 27 अगस्त (हि.स.)।रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में विभिन्न डेयरी और मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। ‘‘बने खाबो बने रहिबो 2.0’’ अभियान के तहत आज गुरुवार को की गई इस कार्रवाई के दौरान पनीर की रैपिड टेस्ट किट से जांच की गई। साथ ही पनीर और मिठाई के कुल 3 सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।

अभिहित अधिकारी पुष्पा राज चौहान के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामप्रकाश जायसवाल एवं दीपा साहू की संयुक्त टीम ने सूरजपुर क्षेत्र की विभिन्न डेयरी और मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने कृष्णा डेयरी, गोपाल डेयरी, जया डेयरी, कान्हा डेयरी, आरुषि डेयरी, गोलू स्वीट्स, पंडित स्वीट्स, गुड्डु स्वीट्स, साहू स्वीट्स, बाबा होटल, बंसल स्वीट्स, मद्रास होटल, श्याम स्वीट्स और गंगा श्री स्वीट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की।

निरीक्षण अभियान के तहत विश्रामपुर क्षेत्र में बिरेंदर सब्जी भंडार, श्री श्याम डेयरी, जलतरंग स्वीट्स एवं शालू स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। वहीं रामानुजनगर तहसील में आकृति स्वीट्स, स्टार होटल, बजरंग होटल और राजू स्वीट्स की जांच की गई।

भैयाथान तहसील में यादव होटल, संध्या होटल एवं मुकेश होटल तथा सिलफिली क्षेत्र में मंडल स्वीट्स, सुनील होटल, दीपक होटल, श्री राधे स्वीट्स, दादू होटल और पांडेय स्वीट्स लटोरी का भी औचक निरीक्षण किया गया।

पनीर की रैपिड टेस्ट किट से जांच

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने रैपिड टेस्ट किट की सहायता से पनीर की जांच की। इसके साथ ही पनीर और मिठाई के कुल तीन सैंपल लिए गए, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

दुकानदारों को दिए साफ-सफाई के निर्देश

खाद्य सुरक्षा टीम ने दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद्य सामग्री को अखबारी कागज में पैक करने या रखने से बचने को कहा गया। साथ ही खाद्य पंजीयन प्रमाण-पत्र दुकान की दीवार पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में आगे भी लगातार जांच, निरीक्षण और नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story