बलरामपुर : राजपुर स्वास्थ्य केंद्र की फुली ऑटोमेटेड एनालाइजर मशीन कार्यशील, रिएजेंट की कमी से प्रभावित है संचालन
बलरामपुर, 22 जून (हि.स.)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में स्थापित फुली ऑटोमेटेड एनालाइजर मशीन के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मशीन पूरी तरह कार्यशील है और इसमें किसी प्रकार की तकनीकी खराबी नहीं है। वर्तमान में राज्यस्तर से रिएजेंट की आपूर्ति नहीं होने के कारण इसका संचालन प्रभावित हुआ है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने साेमवार काे जानकारी देते हुए बताया कि रिएजेंट उपलब्ध रहने तक मरीजों को मशीन के माध्यम से नियमित जांच सुविधाएं प्रदान की जाती रही हैं। रिएजेंट की उपलब्धता बहाल होते ही मशीन का संचालन पुनः सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो सेमी ऑटो एनालाइजर मशीनें आवश्यक रिएजेंट के साथ उपलब्ध हैं और उनका नियमित संचालन किया जा रहा है। इन मशीनों के माध्यम से मरीजों को आवश्यक पैथोलॉजी जांच सुविधाओं का लाभ लगातार मिल रहा है।
वर्तमान में ब्लड जांच, सीरम जांच, यूरिन जांच सहित अन्य आवश्यक पैथोलॉजिकल परीक्षण किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से जांच सेवाएं निरंतर संचालित की जा रही हैं और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि रिएजेंट की आपूर्ति प्राप्त होते ही फुली ऑटोमेटेड एनालाइजर मशीन के माध्यम से सभी सेवाएं पुनः पूर्ववत संचालित की जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

