चाचा-चाची से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 31 अगस्त (हि.स.)।बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चंद्रगढ़ में चाचा-चाची से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने कथित तौर पर घर में घुसकर दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड और चाकू से हमला किया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोनों हथियार जब्त कर आरोपित को आज सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ठाकुर प्रसाद गोंड और आरोपित शिवा गोंड आपस में चाचा-भतीजा हैं और एक ही गांव में रहते हैं। करीब एक सप्ताह पहले आरोपित अपने पिता के साथ मारपीट कर रहा था। उस दौरान ठाकुर प्रसाद ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया था। इसी बात को लेकर आरोपी अपने चाचा से रंजिश रखता था।
घटना के दिन आरोपित शिवा गोंड कथित तौर पर ठाकुर प्रसाद के घर में घुस गया और पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगा। इस दौरान उसने ठाकुर प्रसाद की पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से मारपीट की। इसके बाद ठाकुर प्रसाद के साथ भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लोहे की रॉड एवं चाकू से हमला किया।
मारपीट में ठाकुर प्रसाद के पीठ, बाएं पैर, जांघ और घुटने में चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी के दाएं हाथ और पीठ में चोट लगी।मामले की विवेचना के दौरान राजपुर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे की रॉड और चाकू को विधिवत जब्त किया। जांच में आरोपित के खिलाफ अपराध के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने शिवा गोंड पिता बसंत गोंड, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम चंद्रगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित को 15 दिन की न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय राजपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

