राजीव गांधी जयंती पर कोरबा में कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
राजीव गांधी जयंती पर कोरबा में कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया नमन


कोरबा, 20 अगस्त (हि. स.)। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आज गुरुवार काे टीपी नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए कहा गया कि उन्होंने देश को आधुनिकता, तकनीक और युवा शक्ति के क्षेत्र में नई दिशा देने का काम किया। सूचना प्रौद्योगिकी, संचार और तकनीकी विकास को लेकर उनके दूरदर्शी निर्णयों ने भारत के आधुनिक विकास की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी के विचार और दूरदर्शी नेतृत्व आज भी राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के लिए प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं की भागीदारी और तकनीक के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया था।

राजीव गांधी जयंती के इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने उनके आदर्शों और विचारों को याद करते हुए जनसेवा तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story