रायपुर में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम को मिले 10 नए आधुनिक वाहन
रायपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए रायपुर पुलिस ने क्विक रिस्पांस टीम को 10 नए आधुनिक वाहन सौंपे हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शनिवार को वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने शहर के प्रमुख जाम प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली और अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त कर क्विक रिस्पांस टीम टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, जाम की सूचना मिलते ही टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंचे और यातायात को जल्द से जल्द सामान्य बनाए।
यातायात पुलिस के अनुसार क्विक रिस्पांस टीम के नए वाहनों में आवश्यक आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे सड़क दुर्घटना, ट्रैफिक जाम और अन्य यातायात संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सकेगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि, यदि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बने तो वे यातायात हेल्पलाइन नंबर 9479210632 पर सूचना दें। सूचना मिलते ही निकटतम क्विक रिस्पांस टीम टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभालेगी।
वाहनों को रवाना करने के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त यातायात विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात दौलत राम पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मुख्यालय अर्चना झा सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रायपुर पुलिस का कहना है कि, इस पहल से शहर में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी तथा ट्रैफिक जाम की स्थिति में लोगों को त्वरित राहत मिल सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

