रायपुर में बोले देवकीनंदन ठाकुर, सनातन बोर्ड के गठन की मांग, संसद-विधानसभाओं में 50 सीटें आरक्षित करने का दिया सुझाव

WhatsApp Channel Join Now
रायपुर में बोले देवकीनंदन ठाकुर, सनातन बोर्ड के गठन की मांग, संसद-विधानसभाओं में 50 सीटें आरक्षित करने का दिया सुझाव


रायपुर में बोले देवकीनंदन ठाकुर, सनातन बोर्ड के गठन की मांग, संसद-विधानसभाओं में 50 सीटें आरक्षित करने का दिया सुझाव


हमर पहुना कार्यक्रम में शामिल होने पत्रकारों के बीच पहुंचे प्रख्यात कथावाचक व आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर

रायपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। रायपुर प्रेस क्लब के हमर पहुना कार्यक्रम में रविवार को प्रख्यात कथावाचक एवं आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर ने पत्रकारों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सनातन संस्कृति, शिक्षा, सामाजिक मूल्यों और समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रखी।

देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि देश में सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए सनातन बोर्ड का गठन किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि मंदिरों और गुरुकुलों के बेहतर संचालन तथा धर्म और समाजहित के कार्यों के लिए ऐसी व्यवस्था जरूरी है।

उन्होंने राजनीतिक व्यवस्था पर भी अपनी राय रखते हुए कहा कि संसद और विधानसभाओं में धर्माचार्यों की भागीदारी बढ़नी चाहिए। इसके लिए उन्होंने धर्माचार्यों के लिए 50 सीटें आरक्षित करने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, गीता और महाभारत जैसे ग्रंथों से जोड़ने की जरूरत है। स्कूलों में केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि नैतिक शिक्षा और चरित्र निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाना है तो युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और संस्कारों से जोड़ना होगा।

देवकीनंदन ठाकुर ने समाज में बढ़ती हिंसा और पारिवारिक विघटन पर चिंता जताते हुए कहा कि परिवार और शिक्षा व्यवस्था को संस्कार आधारित बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप का विरोध करते हुए पारिवारिक मूल्यों को मजबूत बनाने की बात कही।

धर्मांतरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा किसी पर धर्म परिवर्तन का दबाव नहीं बनाती, लेकिन विभिन्न माध्यमों से हो रहे धर्मांतरण पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने गौ संरक्षण और भारतीय परंपराओं को बढ़ावा देने की भी आवश्यकता बताई।

राम मंदिर से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मौन को लेकर उनका व्यक्तिगत मानना है कि भविष्य में कोई बड़ा निर्णय सामने आ सकता है।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा सहित क्लब के पदाधिकारी और वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। प्रेस क्लब की ओर से देवकीनंदन ठाकुर का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story