दस साल बाद लौटेगी रायपुर-धमतरी रेल सेवा, 20 अक्टूबर से रायपुर-कुरूद के बीच दौड़ेंगी ट्रेनें

WhatsApp Channel Join Now
दस साल बाद लौटेगी रायपुर-धमतरी रेल सेवा, 20 अक्टूबर से रायपुर-कुरूद के बीच दौड़ेंगी ट्रेनें


दस साल बाद लौटेगी रायपुर-धमतरी रेल सेवा, 20 अक्टूबर से रायपुर-कुरूद के बीच दौड़ेंगी ट्रेनें


विजयादशमी पर बहुप्रतीक्षित बड़ी रेल सेवा का होगा शुभारंभ, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दिखाएंगे हरी झंडी

कुरूद रेलवे स्टेशन सज-धज कर तैयार, मुख्यमंत्री साय, सांसदों और विधायक अजय चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि बनेंगे ऐतिहासिक पल के साक्षी

धमतरी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। रायपुर-अभनपुर-कुरूद के बीच बड़ी रेल लाइन पर यात्री ट्रेन चलने का बहुप्रतीक्षित सपना अब साकार होने जा रहा है। करीब दस साल के लंबे इंतजार के बाद 20 अक्टूबर को विजयादशमी के पावन अवसर पर इस रेल सेवा का विधिवत शुभारंभ प्रस्तावित है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रायपुर-कुरूद और रावघाट-रायपुर रेल यात्री सेवा की शुरुआत करेंगे।

इस ऐतिहासिक अवसर पर रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्य, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी और कुरूद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुरूद रेलवे स्टेशन को भी सजाकर तैयार किया जा रहा है। रायपुर से कुरूद तक बड़ी रेल लाइन पर यात्री सेवा शुरू करने के लिए आवश्यक सुविधाएं पूरी कर ली गई हैं। बीते दिनों इस रेल मार्ग पर ट्रेन चलाकर सफल ट्रायल भी किया गया था। पहले रेल सेवा का शुभारंभ 12 अक्टूबर को प्रस्तावित था, लेकिन केंद्रीय रेल मंत्री के छत्तीसगढ़ दौरे का कार्यक्रम स्थगित होने के कारण इसे टाल दिया गया। अब नए कार्यक्रम के अनुसार 20 अक्टूबर को रेल सेवा शुरू करने की तैयारी है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के प्रबंधक दयानंद ने रविवार काे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्यों, सांसदों और कुरूद विधायक अजय चंद्राकर को आमंत्रण भेजकर रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है। दस साल बाद फिर दौड़ेगी ट्रेन, क्षेत्रवासियों में उत्साह: छोटी रेल लाइन को बंद कर बड़ी रेल लाइन में बदलने की योजना के तहत वर्ष 2016 में रायपुर-धमतरी रेल सेवा बंद कर दी गई थी। इसके बाद से ही क्षेत्रवासी बड़ी रेल लाइन पर यात्री ट्रेन शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब लगभग दस साल बाद इस मार्ग पर रेल सेवा बहाल होने जा रही है। इससे रायपुर, अभनपुर और कुरूद सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ट्रेन शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजाना रायपुर आने-जाने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

अजय चंद्राकर के प्रयासों को मिली सफलता

रायपुर-कुरूद रेल सेवा की बहाली और बड़ी रेल लाइन के विस्तार को लेकर कुरूद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर लगातार प्रयासरत रहे हैं। बताया जाता है कि कुरूद प्रवास के दौरान उन्होंने तत्कालीन केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल के समक्ष इस रेल मार्ग को लेकर मांग रखी थी। अब बड़ी रेल लाइन का काम पूरा होने और यात्री सेवा शुरू करने की तैयारी के साथ क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी प्रतीक्षा समाप्त होने जा रही है। रायपुर-कुरूद रेल सेवा का शुभारंभ न केवल क्षेत्र की परिवहन सुविधा को मजबूत करेगा, बल्कि धमतरी अंचल के विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद जगाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763221 Articles

Share this story