बारिश ने बिगाड़ी सड़कों की सूरत

WhatsApp Channel Join Now
बारिश ने बिगाड़ी सड़कों की सूरत


कई सड़कों पर जगह-जगह गड्ढा, वाहन चालकों व लोगों की बढ़ी दिक्कतें

धमतरी, 30 सितंबर (हि.स.)। जिले में हुई लगातार बारिश और बाढ़ से जिले के नगरीय निकायों और गांव पहुंच मार्ग की सड़कों की स्थिति खराब हो गई है। पानी निकासी के बाद कई सड़कों से डामर पूरी तरह से गायब है और गिट्टी ही गिट्टी नजर आ रहा है। वाहन चालकों और लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि सड़क पर गड्ढा है या गड्ढे में सड़क। फिलहाल बदहाल सड़कों पर चलना लोगों के लिए मुसीबतें बनी हुई है। लोगों की मांग है कि खराब सड़कों की मरम्मत की जाए।

शहर के रत्नाबांधा से दुर्ग रोड, सिहावा चौक से नहरनाका, कोलियारी, रूद्री से रूद्री बांध तक, खरतुली से परसतराई रोड समेत कई अन्य सड़कों की सूरत भारी बारिश और बाढ़ ने बिगाड़ दी है। बारिश थमने और निकासी के बाद इन सड़कों पर चलना वाहन चालकों के लिए चुनौती बना हुआ है। भारी गड्ढा से हर पल दुर्घटना की आशंका है। दुर्गा मंदिर रत्नाबांधा के पास तो पानी भरने से सड़क से डामर पूरी तरह से गायब है, केवल गिट्टी ही गिट्टी सड़क पर नजर आ रहा है, जिसमें बाइक व कार फिसलने लगा है। वाहन नहीं चल पा रहा है, जो मुसीबत बनी हुई है। खराब सड़कों को लेकर प्रशासन गंभीर नजर नहीं आ रहा है। सड़कों की सूरत ऐसा ही रहा तो ग्रामीणों व लोगों को शासन-प्रशासन के कार्यालयों को घेरने ज्यादा समय नहीं लगेगा, क्योंकि बारिश थमने के बाद भी अब खराब सड़कों की मरम्मत व वैकल्पिक मरम्मत शुरू नहीं हो पाया है। इससे लोगों का आक्रोश धीरे-धीरे फूटने लगा है।

पीडब्ल्यूडी विभाग के अनुविभागीय अधिकारी एमडी पैकरा से मिली जानकारी के अनुसार धमतरी जिले में बारिश व बाढ़ के चलते 18 सड़कों को क्षति पहुंची है। इन सड़कों में धमतरी अंचल की सड़कें सबसे ज्यादा प्रभावित व खराब हुआ है। क्षतिग्रस्त सड़कों में खरतुली, लोहरसी, परसतराई मार्ग, पोटियाडीह मार्ग, कोलियारी, खरेंगा, गुंडरदेही रोड, धमतरी से बागतराई मार्ग, देमार से तरसींवा मार्ग, धमतरी-गंगरेल कुकरेल मार्ग, कुरूद-चर्रा-उड़ेना-झिरिया, कंडेल, भोथली, बोड़रा, संबलपुर मार्ग शामिल है। इसी तरह छाती-गागरा-देवपुर मार्ग, सोरम-भटगांव-गोकुलपुर मार्ग, नगरी सिहावा बोराई मार्ग, देवपुर देउरपारा-श्रृंगी ऋषि-गाड़ाडीह-पचपेड़ी मार्ग, पचपेड़ी-तर्रागोंदी भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा बी मार्ग, गाड़ाडीह-परखंदा गुदगुदा नारी, नारी से गोजी मार्ग, कुरूद चर्रा कातलबोड़-नवागांव मार्ग, पखनंदा प्रभावित व खराब हुआ है। इसी तरह नदी पहुंच मार्ग, बुड़ेनी ,परसट्टी, बड़ीकरेली, रूद्री से रूद्री बांध, गंगरेल मार्ग शामिल है। सड़क खराब होने से लोग परेशान हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story